
उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम की बसों के साथ ही अब प्राइवेट बसों के संचालन पर लगा प्रतिबंध हटा लिया गया है। अब रोडवेज की बसें उतर प्रदेश से दिल्ली, हरियाणा व अन्य प्रदेशों में भी आवागमन कर सकेंगी। इसके आदेश अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने जारी किए हैं।
अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी की ओर से अनु सचिव मनोज शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार रोडवेज व प्राइवेट बसों के अन्तर्राज्यीय संचालन की अनुमति प्रदान की गयी है। प्रदेश में कोविड-19 की वर्तमान स्थिति को देखते हुए यह अनुमति दी गई है।
साहिबाबाद डिपो के ए.आर.एम बी.पी अग्रवाल ने बताया कि शासन की मंशा के मुताबिक अब इंटरस्टेट बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। अब सीधे गंतव्य तक अन्य प्रदेश में जाने के लिए बस सेवा शुरू हो जाएंगी।